विष्णु नगर सामाजिक-राजनीतिक नंगई दर्शाता सहज व्यंग्य ///
'तल नहीं है
मूरख
अतल है यह
गिरता चला जा ...'
#नागार्जुन के बाद समकालीन राजनीतिक
परिस्थितियों को उसकी नंगई के साथ दर्शाता सहज व्यंग्य विष्णु नगर ही अपनी कविताओं
में संभव कर पाते हैं। गिरने पर #नरेश_सक्सेना
की भी एक चर्चित कविता है, हालांकि जहां नरेश जी की कविता
में कलाकारी ज्यादा है वहीं विष्णु जी के यहां गुस्सा ज्यादा है। अंतर लेखन शैली
का भी है। हालांकि दोनों ही में पाठकीयता पर्याप्त है। हां, लोकप्रियतावाद
का जोम नरेश जी में थोड़ा ज्यादा है। यूं दोनों तरह की कविताओं की समान जरूरत है,
इस समय को। यह समय जिसमें गिरने और गिरते जाने को ही एक मूल्य में
बदलने की असफल कोशिश होती दिख रही है।
विष्णु नगर की पहली कविता 'छह बजकर दस मिनट' इस भागा-दौड़ी के दौर में ठमक कर सोचने को बाध्य करती है। ऐसे समय में,
जब जीवन का हर क्षण एक हिसाब-किताब में कैद होता जा रहा, यह कविता आपको रोक कर अपने आजू-बाजू घट रहे को देखने-सुनने की मांग करती
है -
'वह आपसे बरसों से दूर था, फिर भी इतने क़रीब था कि प्रयत्न करके कभी भी उससे मिलने जाया जा सकता था।
उसका फ़ोन नंबर पता करके उससे बात की जा सकती थी मगर पता नहीं कौन-सा संकोच,
कौन-सी उसकी चुभती हुई बात याद आती रही कि आपने अपने को रोके रखा।
कुछ नहीं तो एक लंबी चिट्ठी लिखकर उसे अपना हाल बताया जा सकता था उसका हाल लेने की
कोशिश की जा सकती थी।'
'एक दिन इस देश में
सरकार ही सरकार होगी
...
फ़ाइलें ही फ़ाइलें होंगी
उन पर चढ़ी धूल
साफ़ करनेवाला कोई न होगा
...
हाय हिंदू-हाय हिंदू करनेवाला
कोई न होगा।'
पिछले दशक की राजनीति ने दो ही मुद्दे सोचने के लिए
छोड़े हैं, चुनाव और
सरकार। हालांकि साहब ने सत्ता में आने के बाद कहीं से 'मिनिमम
गवर्नेंस ...' का शिगूफा टॉप लिया था, पर
अब दो चुनाव के बाद केवल सरकार ही सरकार शेष रह गई है। भाई, सरकार
जनता अपने कामकाज पूरे करवाने के लिए चुनती है, पर आज सरकार
इतनी ज्यादा है कि जनता हाशिए पर भी नहीं दिख रही कहीं, जैसे
सरकार बनाना ही लोकतंत्र का एकमात्र काम हो।
'हमने देखे कवि' कविता में कवि जमात पर ही व्यंग्य है। जाति की घेरे बंदी ऐसी है कि कवि गण भी किसी न किसी खांचे में फिट होने की दृश्य-अदृश्य कोशिश करते दिखते हैं। हिंदी में पंकज चौधरी के यहां इस जमीन की कविताएं बहुत हैं। पर सारी दिमागी रस्सा-कसी के बाद भी यह सवाल शेष रह जाता है कि आखिर इस जाति जाल से आजादी कैसे मिले। उसका उपाय सुझाना कवि कब शुरू करेंगे! या जाति का सवाल यूं ही जग-मग करता रहेगा? अपने मंतव्य में विष्णु जी कई सवाल उठाते हैं, जिनमें कवि की पहचान का संकट मुख्य है -
'एक कवि की असली पहचान उसकी कविता की
अपनी एक भिन्न शक्ल, अलग शख्सियत होती है।'
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2-2)
अजंता देव कुछ हिंसक तर्क
अजंता देव की कविता 'अपराध का मजदूर' पढ़ते हुए गुंडे के विश्लेषण के मानवीय पहलुओं को जानना रोचक लगा। यूं मैं यह तय नहीं कर पा रहा की कविता अपराध के पक्ष में है या मजदूर के। हाल ही में संतोष दीक्षित के एक उपन्यास में गुंडे के बारे में यह जानकारी मिली कि पहले गुंडे एक हद तक सकारात्मक चरित्र होते थे। अपराधी के भी मानवीय पहलू होते हैं, उसके वैसा होने के सामाजिक-आर्थिक कारण होते हैं, पर उसका क्या किया जा सकता है जो उसने एक छवि बनने दी है। जिस छवि के निर्माण में डर एक मौलिक तत्व है। उस डर की मालिक और दैत्याकार मशीन के आतंक से तुलना कर घटाया नहीं जा सकता -
'कितना बोझ था उस पर
अफ़सोस से सर हिलाया गुंडे की माँ ने-
सिर्फ़ देखने में ही तगड़ा था जनाब
दांतों तक में कीड़े थे
मैं आलू का सबसे पतला झोल बनाती थी उसके लिए'
यूं कविता में गुंडे की मानवीय छवि निर्माण के जो
तर्क जुटाए गए हैं, वह लचार से
हैं। अब किसी की मां बीवी के विचार के आधार पर किसी की छवि का मूल्यांकन किस हद तक
वाजिब हो सकता है। ऐसा आजकल की रिपोर्टिंग में धड़ल्ले से होता दिख रहा। कोई
अपराधी मर गया तो लगे हाथ उसकी मां-चाची का स्टेटमेंट पक्ष में ले आया जाता है,
फौरी चरित्र निर्माण के लिए।
दांत में कीड़े होना, दिखते तगड़ेपन के खिलाफ कोई तर्क नहीं हो सकता। यह भी संभव है कि दांतों का दर्द उसे और हिंसक बना रहा हो, खैर इस पर बहुत बातें की जा सकती हैं। यूं 'अपराध के मजदूर' की तरह आज साहित्य में 'गाली के मजदूर' भी तेजी से पनप रहे, यह देखना रोचक है।
'मानवी' एक जरूरी कविता है -
'अब हमें बंद करना चाहिए स्त्री को
पृथ्वी कहना
हमें देखना होगा स्त्री को
डरी हुई
स्वार्थी
और उलझी हुई
जैसे मनुष्य।'
बदलते समय और विकास के संदर्भ में शब्दों व प्रतीकों
के अर्थ बदलने ही चाहिए। अनामिका जी की किसी आरंभिक कविता में - 'मैं रोटी बेलती हूं, जैसे पृथ्वी' मुझे खटका था।
पर 'मानवी' के विपरीत 'सीढ़ियां'
कविता में एक बनावटीपन है -
'सारी सीढ़ियाँ अधूरी हैं कि कभी कोई रुकता नहीं उन पर।'
अक्सर कविगण अपने प्रतिभा का इस्तेमाल ऐसे बेजा
चित्रण में करते हैं, और वाह-वाही
भी मिलती है। स्त्री को पृथ्वी कहना अगर सही नहीं तो सीढ़ियों को भी अधूरी कहना
सही कैसे है। सीढ़ियों पर कोई रुकता कैसे नहीं, क्या कभी
खाली बसों व ट्रेन की सीढ़िया पर लोगों को बैठकर मजे लेते नहीं देखा आपने।
सीढ़ियों के साथ यदि एकांत मिले तो अक्सर कुछ देर ठमक कर उन पर बैठना पसंद करते
हैं, साथ या अकेले। 'नष्ट' कविता में हरियाली के साए में मुझे एक हिंसक तर्क दिखा। इतना फैसलाकुन
होने की क्या जरूरत है। चीजें धीरे-धीरे छीजतीं हुई नष्ट होती हैं, यही सहज है। निर्माण वाली गति से चीज़ें नष्ट नहीं की जानी चाहिए। इस
कविता ने बुलडोजर बाबा की याद दिला दी।
अजंता जी के मंतव्य में कई बातें विवादास्पद लगीं, अब 'हमारे सबसे
बड़े कवि मुक्तिबोध' की भी पहुंच व्यापक पाठक समुदाय तक नहीं,
इसके क्या मानी, फिर आप उन्हें सबसे बड़ा कवि
किस आधार पर कह रहीं। ... और यह आठवें नवें दशक की कविता क्या होती है, मुझे पता नहीं...।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/3)
लाल्टू अपेक्षाकृत कठिन कविताएं ///
'क्रूरता बची रहती। सिल कटता। बट्टा कटता। पीढ़ियों तक आदमी की आवाज़ में रोती है औरत। जीभ कटती है। लफ़्ज़ कटते हैं। ज़मीं-आसमाँ बँट जाते हैं। तक़सीम मुल्क का हमदम हो जाता है।'
लाल्टू की कविताएं अपेक्षाकृत थोड़ी कठिन कविताएं हैं, जैसे कई आवाजें, कई समय कहीं हिल-मिल जा रहे हों, भीतर। जिन्हें हिगरा कर पहचानना कठिन हो। पटना के कवि मित्र Navin Kumar जो अरसा बाद फिर लिखने लगे हैं, उनकी आरंभिक कविताओं में भी ऐसा कुछ मिलता था मुझे। यह कठिनता #रघुवीर_सहाय के यहां भी है। 'रामदास' जैसी अपवाद कविता को छोड़ दें तो यह कविताएं ना तो आसानी से आपको साथ लेती हैं ना फौरी तौर पर आपको मुक्ति ही करती हैं। यूं ही नहीं कहा था रघुवीर सहाय ने की - 'जब मैं कविता पढ़कर उठूँ तो सन्नाटा छा जाए।' मतलब यह 'स्वांतः सुखाय' नहीं है बल्कि आपको अपने समय समाज पर विचार करने को प्रेरित करने वाली कविताएं हैं -
'अपना संसार ही कविता है,
ख़ुद से अलग होते हैं
तो कविता से अलग होते हैं।'
कितनी प्यारी बात है। अपने आसपास के परिवेश और उसमें अपनी स्थिति को जानना-समझना ही कविता है। वह कोई मंत्र-मुग्ध करने वाला जादू या खेल नहीं है -
'भूखा मेरा ज़ेहन कई ऐलगोरिदम पार कर
तुम तक पहुँचा है
प्रेमोल्लास में तड़पते मेरे होंठ तुम्हारा माथा
ढूँढ़ते हैं
तुमने कहा आस्माँ बहुत बड़ा दिखता है।
मैंने कहा कि प्यार करता हूं, इसलिए लिखता हूं।'
अपने मंतव्य में लाल्टू लिखते हैं कि अदब की दुनिया और आम सच में बहुत बड़ी खाई है। यह एक बड़ी समस्या है। लाल्टू की पहली कविता 'प्रेज़' अंग्रेजी में गर्क हिंदी समाज की विडंबना को दर्शाती है -
'मैंने कहा कि बच्चे अपनी ज़बान में
बेहतर सीख पाते हैं
तो आप हिंदी की प्रेज़ कैसे कर सकते हो वह बोला
मुझे चुप ताकता देखकर उसने कहा
या फिर आप हिंदी को गरियाते हो
मैं प्रेज़ और गरियाना शब्दों के भार से दबा जा रहा था'
पाठकों की कमी की समस्या भी इसी विडंबना का हिस्सा
है। विश्व गुरुत्व के ढोल के बाहर हिंदी भाषी क्षेत्र की बड़ी जमात नए सिरे से
सोचने-समझने-विचारने की जगह इस ढोल को बजाकर संतुष्ट हो जाना चाहती है। लंबी
गुलामी ने सोचने-विचारने का माद्दा ही छीन सा लिया है, तुकबंदी की ओर लौटना या छंद की झांझ
बजाना इसका विकल्प नहीं हो सकता। जिसकी ओर सामान्यतः हिंदी कवि-लेखक झांक कर अपना
रोना रोते हैं। अगर छंद या टुक में पाठक हैं तो आपको कौन रोकता है उधर जाने से।
छंद और तुक की वापसी की चाहत का कोई कवि क्यों नहीं लोकप्रिय होता। #दिनेश_कुमार_शुक्ल आदि कई
कवियों ने ऐसी कोशिश की और किनारे लग गए।
मंतव्य में लाल्टू बाल साहित्य, किशोर साहित्य और विज्ञान लेखन की बात करते हैं। यह एक जरूरी सवाल है, जिसका जवाब दिए बगैर पाठक नहीं बनने वाले, नहीं मिलने वाले। बच्चों और किशोरों के लिए जमीन ही नहीं है कि शहज ढंग से पाठक बनें और विकसित हों। यह काम हमने #गीता_प्रेस और #गुलशन_नंदा आदि के भरोसे छोड़ रखा है तो रोते रहें पाठकों का रोना!
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2-4)
कविता कृष्णपल्लवी क्रूरता की पोल खोलती कविताएं ///
#भगवती_चरण_वर्मा की चर्चित कहानी 'दो बांके' में दो उस्तादों को नकली धींगा-मस्ती करते देखा एक गंवई युवक उनका मजाक उड़ाता कहता है - "मूला स्वांग खूब भरयो!" आज की राजनीति और सत्ता के शीर्ष पर जो हैं वह दशकों से स्वांग कर के ही अपना समय काट रहे। उनके गऊ रक्षा के नारे के भीतर जाइए तो वहां गोमांस का व्यापार निकलता है, मंदिर के आंदोलन की तह में जाइए तो चंदा चोरी का मामला सामने आता है। इसके अलावा उनके तमाम क्रिया-कलाप बस एक स्वांग हैं, पर यह स्वांग 'दो बांके' के स्वांग की तरह सिर्फ खेल नहीं है बल्कि यह स्वांग अपने भीतर एक क्रूर चेहरा छुपाए चलता है। कविता कृष्णपल्लवी की पहली कविता 'जब तानाशाह ने दया करने का फैसला लिया' इसी क्रूरता की पोल खोलती है -
'एम्बुलेंस को अस्पताल जाने का रास्ता
दिया
और कई-कई अकालग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया धुआँधार।
यह सब करके उसे बहुत खुशी मिली।
फिर उसने अपने सिपहसालारों और सलाहकारों को
बुलाकर कहा कि अब वह
हज़ारों मृतकों की हज़ारों सामूहिक शवयात्राओं में
शामिल होना चाहता है,
सैकड़ों दंगाग्रस्त क्षेत्रों में जाकर
शान्ति का संदेश देना चाहता है...'
दरअसल तानाशाह को खून का चस्का लगा है, सो वह सुबह झरने के मुहाने के ऊपर
बैठा पानी पीता हुआ भी नीचे पानी पीते मेमनों पर पानी जूठा करने का आरोप लगता है
और उन्हें खाता जाता है, और यह सब वह लोकतंत्र के साए में
करता है।
कविता की दूसरी कविता 'तानाशाह और साहित्य संस्कृति के मेले' में इसी कविता का दूसरा पक्ष उजागर होता है कि अपने दाढ़ो में लगा खून धोकर वह अपनी लोक लुभावन छवि को बरकरार रखने को तमाम सांस्कृतिक साहित्यिक गधा-पच्चीसी भी जारी रखता है -
'सितम्बर के महीने में
दिल शमशेर बहादुर सिंह हो जाता था
और स्मृति निराला।
अक्टूबर के साथ होना गद्यात्मक होना होता था
विष्णु खरे सरीखा।
नवम्बर में कोलाहल दिशाहीन इक्कीसवीं सदी के नए कवियों-सा...'
'ऐतिहासिक ऋतुओं से होकर यात्रा करते
हुए' कविता की एक रोचक कविता है। कविता ने यहां जिस तरह
कवियों के कवि शमशेर, मुक्तिबोध, जीवनानंद
दास आदि को याद किया है, वह इसे एक प्रेरक कविता बनाता है।
आज लोग पिछली पीढ़ी के तमाम कवियों को भूलते जा रहे। रघुवीर सहाय, केदारनाथ सिंह, धूमिल, पास आदि
दर्जनों नाम हैं जिनसे नई पीढ़ी अपरिचित सी है। उनसे इनका परिचय करना भी हमारा ही
काम है और इस तरह की कविताएं यह काम बखूबी करती हैं। हालांकि 21वीं सदी के नए कवियों को मैं 'दिशाहीन कोलाहल'
नहीं मानता। कई बातें जो इस नई पीढ़ी के पास हैं वह पिछली पीढ़ी के
पास नहीं थीं। आपको उन्हें समझना होगा और उनका परिचय पिछली पीढ़ी से कराते चलना
होगा। कविता केवल अपना राग अलापना नहीं है, दूसरों को
राग-विराग समझ कर, उस समझ को जाहिर करते चलना भी कविता का ही
काम है। अपने 'मंतव्य' में कविता लिखती
हैं कि हजारों लोग 'आंय बांय कविताई' कर
रहे हैं, मैं इससे इत्तेफाक नहीं रखता। वह एक सीखने का दौर
होता है, जिससे सब गुजरते हैं। सोशल मीडिया के कारण वह सीखने
का दौर भी जाहिर होता जाता है, जो पहले गुप्त रहता था,
और कवि हो जाने पर ही जाहिर होता था।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के
नोट्स (2/5)
सौम्य मालवीय एक जीनियस
कवि///
दो-तीन महीना पहले पटना के कवि-एक्टिविस्ट मित्र Navin Kumar सौम्य मालवीय का दूसरा कविता संग्रह 'एक परित्यक्त पुल का सपना' दे गए थे, पर मैं पढ़ नहीं पाया था अब तक। आलोचना में छपे परिचय से पता चला कि उन्हें भारत भूषण भी मिल चुका है और वह गणित पर समाजशास्त्रीय दृष्टि से शोध कर रहे हैं। इस शोध को पढ़ने की ललक जग गई है मन में।
सौम्य के मंतव्य और कविताओं से गुजरते यह कहने का मन हो रहा कि वह एक जीनियस कवि हैं। अपने मंतव्य में वे लिखते हैं -
'जो भाषा कई मिलावटों और संस्कारों को लिये हुए हो उसका मानक रूप नहीं बल्कि अपने-अपने भाषिक ऐब-ओ-अंदाज़ ही हिंदी में कविता को कविता बनाते हैं। अगर इस निकष पर देखें तो इक्कीसवीं सदी की कविता अपने भाषायी और विषयगत वैविध्य के कारण बरबस ही आकर्षित करती है। कविताओं का प्रयोगात्मक स्वर और हर कवि के अपने ख़ास तेवर और लड़खड़ाने के मख़्सूस तौर सहज ही लुभाते हैं।'
आज की कविता में ऐसा आत्म-विश्लेषणात्मक और आत्मालोची स्वर दुर्लभ है। कविता और आलोचना के अकादमिक स्वरूप से मेरा कभी तालमेल नहीं बैठा है। यहां सौम्य की पंक्तियों से गुजरते मेरा आत्मबल बढ़ा -
'यह सिंप्टम ख़ुद मेरी कविता में भी मौजूद है। इस सिंप्टम के एक अंग के रूप में हम इस बात की ओर भी ध्यान दिला सकते हैं कि हिंदी कविता में विश्वविद्यालयी कवियों का इजारा बढ़ा है और प्रतिरोध के लिए ज़रूरी जमीन तोड़ते-तोडते, कहीं न कहीं वह अकादमिक भी होती गई है। मैं अगर इसे संकट का नाम दे रहा हूँ तो इसलिए कि यह यथार्थ की बीहड़ता से परास्त हो जाने के ही आसार हैं।'
'कविता कोई विशिष्ट चीज़ नहीं जिसके संकट जीवन के संकटों से अलग हों।'
कवियों में कोई सुर्खाब के पर नहीं होते। मेरी यह धारणा भी सौम्य पुष्ट करते हैं। नई कविता और जाति पर लेखन को लेकर सौम्य की राय भी ध्यान खोजती है -
'कभी मुक्तिबोध ने नई कविता के बारे में राय रखी थी, उसी तर्ज पर हम कह सकते हैं कि आज की हिंदी कविता ऐटीट्युड्नाइजिंग या पोज़िंग की शिकार होती जा रही है।'
'जाति जैसे सवालों पर बने बनाए उपादानों से आजिज़ आ जाने के बावजूद नई राहें फूटती नहीं दिख रही हैं।'
सौम्य की 'शहतूत' कविता पढ़ते हुए मुझे दिल्ली-पटना में सड़कों पर खड़े जामुन के पेड़ याद आए। ज्ञानपीठ से जुड़ा था जिन दिनों, तो जोरबाग के पास बस से उतरकर लोदी रोड पैदल पार करते सड़क पर बिखरे जामुनों में एकाध मुंह में डाल लेता था, पर अधिकतर जामुन सड़क को चितकबरा करने के काम ही आते थे। ऐसे जामुन शहतूत जमीन की जगह आसमान का रुख कर लिए, तो क्या बुरा -
'एक रोज़ पेड़ों से टपककर
आसमान पर गिरने लगे शहतूत'
कैसी विडंबना है, दरअसल विकास की अंधी दौड़ में यह जीवन ही आसमानी होता जा
रहा।
'पाकिस्तान की मां की' कविता राजनीतिक पचड़े में मानवीय भाषा के खोते चले जाने के संकट की ओर इशारा करती है। अभी चल रहे छात्रों के आंदोलन के दौरान दर्जनों गाली-गुप्ता वाली रीलें उनके उपर आरोपित की जा रहीं। यह 2014 में मिली दूसरी आजादी का परिचायक है -
'"पाकिस्तान की माँ की"
सुनकर अगर आप ख़ुद को नंगा महसूस नहीं करते
तो यक़ीनन आप अपने बाप की औलाद हैं
पर सिर्फ़ अपने बाप की,
माँ तो "पाकिस्तान की माँ" के साथ
बाहर है
माँओं के अदृश्य जुलूस में शामिल निर्वस्त्र और राष्ट्रविहीन।'
'घनी बस्तियों में कूड़ा बीनते
बच्चे की बोरी में छुपा हुआ
लैंडमाइन भी तो स्मृति के लिए
अनस्तित्व में जा चुका था'
दो दुनिया का बंटवारा तेजी से बढ़ता जा रहा। कूड़ा बीनते बच्चे रॉकेट बम आदि को भी लोहा-लक्कड़ समझ उठा ले रहे। गाजियाबाद में कहीं कूड़ा हटाते विस्फोट की खबर आई थी, काफी पहले। पता चला कि दूसरे देशों से जो कचरा भेजा गया है भारत निपटान के लिए उसमें युद्ध के बाद के कचरे में जिंदा रॉकेट आदि भी भेज दिए गए थे कंटेनर में। पर जीवन के इस हाडबोंग में भी कुछ पहाड़ बचे हैं, पहाड़ की रातें बची हैं, यह क्या कम है -
'पहाड़ की रात
सचमुच की,
सचमुच की रात
करती सचमुच की बातें'
पर यह रात भी कब तक बचेगी पता नहीं, शायद ऐसी कविताओं में ही बचे।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2-6)
उज्मा सरवत बीनिश मन के अलक्षित कोणों को रोशन करती कविताएं///
'आप कितना भी दूरदर्शी बनें
हम सबकी नज़रों का एक कृत्रिम क्षितिज होता है
जिसके पार देखने के लिए हमें अपनी जगह से
आगे चलना पड़ता है'
उज्मा सरवत बीनिश की कविताएं एक अलग दुनिया की
जद्दोजहद को सामने लाती हैं। इससे पारंपरिक रूप से चला आ रहा कविता लेखन का घेरा
थोड़ा विस्तृत होता है। जब भी कोई कवि पारंपरिक तौर पर थोड़ा अलग अध्ययन क्षेत्र
से कविता की दुनिया में आता है तो अक्सर ऐसा होता है। उजमा मनोविज्ञान विषय से
परास्नातक हैं और अपने अध्ययन के घेरे में आने वाले विषयों और उनसे जुड़ी समस्याओं
को वह जिस तरह कविता में लाती हैं वह नया सा है। स्किज़ोफ्रेनिया, पार्किंसंस, अलैंगिक आदि कविताएं मानव मन के अब तक अलक्षित कोणों को रोशन करती हैं।
मनोचिकित्सक, कवि Vinay Kumar के यहां भी ऐसे कई अनछुए प्रसंग कविता रूप में सामने आकर उद्घाटित हुए हैं ।
'मुझे कैसे पहचानोगे?
बताती हूँ-
मेरे सपनों से लोग बाहर आते हैं
मुझसे मिलते हैं, मेरे साथ रहते हैं
कभी बातें करते हैं, कभी रक्स करते हैं
धप् से कॉलर धर लेते हैं
चौंकाते हैं तो कभी डराते हैं
मेरी दुनिया में सब गड्डमड्ड है'
'स्किज़ोफ्रेनिया' कविता सारे मनोरोगियों को पागल के घेरे में डाल देने की पारंपरिक मूढ़ता के बरक्स एक मानवीय दृष्टिकोण स्थापित करने का प्रयास करती है। 'अलैंगिक' कविता में भी सर्वथा नए विषय को जगह दी गई है। वहीं 'अंगुलिमाल ठहरेगा' कविता वर्तमान व्यवस्था की जकड़बंदी में एक स्त्री के मन में उठती हलचलों में एक ध्रुव स्थिर करने की सफल कोशिश है। कविता के अंत में कवि स्पष्ट शब्दों में कहता है -
'हम बुद्ध की परंपरा की स्त्रियाँ
हैं
हम ख़ुद भी 'ठहर' गई हैं
और अब 'अंगुलिमाल' भी ठहरेगा!'
उजमा का मंतव्य यह बतलाता है कि कवि अपने समय और
समाज की उथल-पुथल के इस दौर को और उसके संकटों को साफ़-साफ़ देख पा रहा है। वह
कहता है -
'हम क्या सोचते हैं और कैसे सोचते हैं और क्यूँ सोचते हैं- इन सबकी एक कड़ी होती है जो दूर हमारे बचपन, परवरिश, शिक्षा-दीक्षा, अध्ययन-प्रवृत्ति जैसी तमाम इकाइयों को जोड़ती है।'
मुक्तिबोध की एक चर्चित पंक्ति है कि 'कहीं भी खत्म कविता नहीं होती'। उजमा भी इस बात को अपने अलग ढंग से कहती हैं -
'ऐसी बातें कही जाती हैं कि सबकुछ
ख़त्म हो जाने के बाद भी कविता बाक़ी रहती है। कविता सभ्यता की आखिरी मशाल है।
कविता एक सृजनात्मक ऊर्जा का नाम है इसलिए इसका विनाश मुमकिन नहीं।'
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/7)
अदनान कफ़ील दरवेश युवा कवियों के लिए एक मिसाल ///
‘जब सुबह के दहाने
निगल जाते हैं शह्र को
एक अज़्दहे की मानिंद।
एक दरवेश गुज़रता है वहाँ से
और अपना कश्कोल उलट देता है अज्दहे के फन पर
जिसमें से रेख्ते के मिसरे निकलकर
फर-फर उड़ जाते हैं
और सफ़ेद फ़ाख़्तों की तरह
जा लगते हैं छज्जों से...’
अदनान कफ़ील दरवेश की काव्य-कला युवा कवियों के लिए एक मिसाल की तरह है। इतिहास की ध्वनियों को इस तरह कविता में लाना कि वह अतीत का ऐसा धुंधला चित्र बनाएं जो धीरे-धीरे साफ होता हुआ वर्तमान का खाका सामने कर दे, यह अदनान के ही वश का है। इसके लिए अदनान उर्दू-फारसी के शब्दों का जिस बहुलता से प्रयोग करते हैं और वह जिस तरह इतिहास के अंधेरों में छुपे तथ्यों को रोशन करता चलता है, वह स्पृहनीय है –
‘जैसे छनती हो
एक फ़क़ीर के हुजरे से
धीमी-धीमी रौशनी’
अदनान को पढ़ते हुए साक्षर मां की याद आई, जिनकी भोजपुरी जबान में उर्दू के शब्द घुले-मिले होते हैं, जैसे - घंघोलने के निकट का शब्द हींड़ना या सुबह के लिए फज्र शब्द जो भोजपुरी में फजिरे हो जाता है।
इस दौर में गिरने को लेकर विष्णु नगर, नरेश सक्सेना की कविताएं चर्चित रही हैं। चौतरफा गिरावट के इस दौर में ‘कौन’ हताश नहीं है! अदनान लिखते हैं –
‘इस भगदड़ के दौर में
जहाँ आदमी के गिरने की कोई सीमा नहीं बची’
पर कवि के पास इस माहौल में टिके रहने का एक
आधार है, और वह है विचार और विचारने की क्षमता। इस दौर में कई कवि उथली भावनाओं में
बहते देखे गए, पर जिनके पास विचार की ताकत है, वह टिके रहे।
मुक्तिबोध ने एक जगह कुछ ऐसा लिखा है कि भावनाएं बच्चा हैं, तुम उन्हें आदमी नहीं बना सकते तो मार डालो। यहां ऊपरी तौर पर एक क्रूरता दिखती है, पर विचारने पर सच के दर्शन होते हैं। मुक्तिबोध का मतलब है कि भाव-बालकों को आप विचारों की रोशनी में देख उनका परिमार्जन नहीं करेंगे तो वह विकट मनुष्य होते जाएंगे और आपका और आपके संसार का विनाश कर देंगे। विचारों की ताकत के प्रति आश्वस्त अदनान लिखते हैं –
‘मैं खड़ा रहूँगा जरूरत पड़ने पर
अकेला भी
अपने विचारों की ऊष्मा ओढ़े
दिल में समेटे करोड़ों संताप
इतने कमज़ोर नहीं हैं मेरे विचार
दरअस्ल मेरे विचार ही मुझे कंधा देंगे
मेरी शवयात्रा में वे मुझसे आगे-आगे चलेंगे’।
इस सभ्यता से लोग आशा खोते जा रहे। कविगण भी निराश हैं। कार्ल मार्क्स को समर्पित कविता 'सभ्यता' में इस निराशा का चित्रण है –
‘यहाँ सियासत और नफ़रत में
फ़र्क ही ख़त्म कर दिया गया’
मुस्लिम घृणा पर आधारित इस दशक की राजनीति से कौन हतप्रभ नहीं है। हालांकि अभी-अभी हुए छात्र आंदोलन ने इस अंधेरे में रोशनी की एक कोशिश की है, पर आगे लंबी लड़ाई लड़नी होगी, नागरिकों को धर्म व जाति के आधार पर बांटने की इस राजनीति के खिलाफ -
‘क्या फ़र्क पड़ता है!
ख़बर गुजरात की है
या मध्यप्रदेश, झारखंड
या छत्तीसगढ़ की
पशु-दया-विमर्श चलता रहता है
मुसलमानों की हत्या होती रहती है
फ्रिज में बीफ़ होने के संदेह में,
उनके घरों पर बुलडोजर चलता रहता है
चुनाव होते रहते हैं
लोकतंत्र की जीत होती रहती है
क़ानून अपना काम करता रहता है...’
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/8)
पंकज चतुर्वेदी - अच्छी कविता एक पूरे समाज की कोशिश का नतीजा है ...///
'साँझ की छाया में
साँवले पानी की
स्निग्ध
चमकीली
लहर-सा
सड़क पार कर रहा था साँप
किनारे की घास में
गुम होता हुआ'
पारंपरिक शब्दों और दृश्यों को पुनः परिभाषित करने का खतरा उठाते हुए पंकज उसे नया अर्थ दे पाते हैं, यह बात उन्हें समकालीन कवियों से अलग करती है। मैंने कभी लिखा था कि 'रचना व्यक्ति की नहीं अपने समय की होती है...' पंकज की 'अच्छे कवि से' कविता पढ़ते मुझे अपना पिछला कथन याद आया। हालांकि कविता कुछ लंबा खिंच गई है, शायद कवि को विश्वास नहीं कि अच्छा कवि उसकी बातों पर ध्यान देगा, इसलिए वह बार बार अपनी बात अलग-अलग मुहावरों में रखता है -
'अच्छी कविता एक पूरे समाज की
कोशिश का नतीजा है
यह और बात है
कि तुम्हें उसका श्रेय मिलता है'
जहां कई रचनाकार आज भोगे हुए यथार्थ तक सिमटने की कोशिश करते दिखते हैं वहीं पंकज की उसके बाहर भी आवाजाही दिखती है। रचना के लिए भोगे हुए यथार्थ को सामने लाने के समान परकाया प्रवेश भी जरूरी है। पंकज की कविताएं विचारों को भी अपने भीतर स्थिर रखती हैं -
'कम से कम कला में
कहना चाहता हूँ अपनी बात
इतनी कम कला
कि तुम्हें लगे
मैं मंच पर नहीं था
दर्शकों में ही था
तुम्हारे साथ।'
यूं पंकज चतुर्वेदी की कई कविताएं ज्ञान आरोपित करती सूक्तियों सी लगीं मुझे। ये पंक्तियां देखें – ‘अपमान से भारी कोई चीज दुनिया में नहीं है’, ‘समय दुख का उपचार नहीं करता’, ‘ताजमहल को वहां से देखो’, ‘कमजोर कविता लिखना बुरा नहीं है’, ‘ध्यान तुम्हें कितना है उससे बड़ा प्रश्न यह’ आदि! इस ज्ञान-आरोपन में कई जगह आति दिखती है, जैसे – ‘पेड़ जितने मनुष्य हम कभी हो नहीं सकते’! पेड़ कुछ देता ही है हिंसा के प्रतिकार में भी’ यह कवि का तर्क है। यूं इस पहेली को राष्ट्रकवि हल कर चुके हैं –
'देते तरु इसलिए कि मत रेशों में कीट समाएं,रहें डालियां स्वस्थ और फिर नये-नये फल आएं।'।
यह कविता अतार्किक है। शीर्षक है – ‘पेड़ किसी के पास जाता नहीं’, कैसे जाएगा भाई, वह मनुष्य नहीं पेड़ है। ‘पेड़ जितना मनुष्य’ यह क्या बला है। ‘अपमान’ से भारी कई लोगों का जीवन होता है श्रीमान!
ज्ञान की गठरी जहां भी कवि सर से उतारता है, कविता सुंदर होने लगती है। ‘मैंने करीब से देखा’ कविता को लीजिए। दूसरे पारा के बाद अमृत-विष वाले ज्ञानविमर्श की कोई जरूरत नहीं लगती। ‘जीवन’ कविता में भी दूसरे पारा के बाद ज्ञानातिरेक से बचा जा सकता था, पर फिर पाठक से दुर्लभ दृश्य छूट जो जाता, भागीरथी का। भागीरथी के ‘मैली’ होने का इलहाम ही नहीं है कवि को।
‘कामनाएं’ कविता में कवि लिखता है – ‘कामनाएं की जाने के लिए होती हैं’, माफ करें’ मुझे मोदी जी का 15 लाख का वादा याद आया। पंकज चतुर्वेदी की एक कविता है –
‘असाधारण यातनाएँ
उनके लिए आईं
जो लोग
असाधारण थे’
मुझे लगता है असाधारण यातनाओं से जूझकर, निकलकर वे असाधारण बने। इसी तरह
कवि लिखता है - ताजमहल को वहां से देखो, भाई ताजमहल देखने के
लिए इतिहास पढ़कर आना जरूरी है क्या !
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/9)
रूपम मिश्र ग्रामीण और शहरी लोक के मध्य एक पुल ///
रूपम मिश्र की कविताओं में भारतीय ग्रामीण व कस्बाई समाज के ढब जिस तरह की भाषा में अभिव्यक्ति पाते हैं, वह नया है हिंदी कविता के लिए। हिंदी पट्टी के तमाम अंतरों-कोनों तक कविता की पैस के लिए ऐसे दर्जनों कवियों की जरूरत है, जो अपने लोक और हिंदी के लोकप्रिय शहरी लोक के मध्य एक पुल बना सकें –
‘अब जब ये होना चाहिए कि रुआँसे
लौट गए वसंत को
रोचन भेजती कि
लौट आओ असाढ़ फिर से जीवन रोपने का दिन है
तो माख से भरी उजड़ी शीरें पूछती हैं कि उनका देश कहाँ है’
प्रेम की डुगडुगी बहुत बजती है कविता में पर उस पे सवाल नहीं के बराबर होते हैं। Savita Singh की कुछ कविताओं में सवाल हैं प्रेम पर। रूपम का सवाल और दृष्टिकोण बहुत साफ है –
‘एक लोकतांत्रिक देश में एक भी
लोकतांत्रिक प्रेमी
नहीं मिलता है ...
पर बचे होते प्रेम करने के दिन तो हम प्रेम की
नई
लोककथाएँ रचते
इस बार सारी प्रेमिकाएँ खिलंदड़ और दिलफ़रेब
होतीं
और सारे प्रेमी सहज और शर्मीले’
बहनों को लेकर कई कविताएं चर्चित रही हैं हिंदी में, #असद_जैदी से लेकर #उदय_प्रकाश तक। सब में बहनों का दुख कतरता है पाठकों का हृदय। पर रूपम की तरह बहनों के हक की आवाज नहीं है किसी में। ‘हकमररूआ समाज’ कविता में वे लिखती हैं –
‘वे बड़े दिन बाद आते और इतने
बड़े होते कि
बहन के छोटे-से घर में नहीं समाते
बेध्यानी में छोटे दरवाज्जे की साह सिर पर खट्ट
से लगती
और एक बिसरी हुई पीड़ा बिहसकर निकल जाती
और वे खिसियाई हँसी हँसकर कहते हैं - बड़ा छोटा
मोहारा है
जबकि सुविधा की मारी उनकी आत्मा जानती है कि
उनके
कठ-करेजे से छोटा नहीं है मोहारा’
गांव-जवार के नाम पर अक्सर हममें एक रोमान पचके फेंकने लगता है पर इन कविताओं में आकर ऐसे रोमानी अंकुर जब यथार्थ की पथरीली सतह पर पेंगे लेने की कोशिश करते हैं तो झुलस जाते हैं। पर झुलसकर भी घुटने नहीं टेकते ये काव्यांकुर, बल्कि जूझते हैं, कि और कोई सूरत नहीं, कि कल का सूरज देखना है तो सुबह तक जलने व झुलसने का जीवट भी चाहिए। इन कविताओं को पढते मुक्तिबोध याद आते हैं –
‘कविता में कहने की आदत नहीं,
पर कह दूँ
वर्तमान समाज चल नहीं सकता।
पूँजी से जुड़ा हुआ हृदय बदल नहीं सकता,
स्वातन्त्र्य व्यक्ति वादी
छल नहीं सकता मुक्ति के मन को,
जन को’।
‘आंखों में झाड़’ रूपम की एक महत्वपूर्ण कविता है जो ग्रामीण हलके में एक स्त्री के लिए आजादी के मायने की तफतीश करती है। यह दिखलाती है कि आज भी गांव में एक शिक्षित स्त्री को किस तरह का संघर्ष करना पड़ता है और वह संघर्ष भी इस शर्त पर जिंदा रह पाता है कि उसका पति उसे और उसकी शिक्षा के महत्व को कितना समझाता है –
‘रात-रात भर दिया जलाकर किताब
पढ़ना कहाँ की स्त्री
का धर्म है
उम्र के सत्रह साल पार कर ब्याहकर आई लड़की को
पता
चल जाता है कि आँगन में उसी की कुजगति हो रही है
सारी औरतें उस औरत के ख़िलाफ़ हैं
और जानना चाहती हैं कि आख़िर कौन सा जादू कर
दिया
है उसने अपने मर्द पर
जो बाल घसीट कर चार लात नहीं मारता
इस मनबढ़ स्त्री को’।
रूपम की कविताओं को काफी जगह मिली है अंक में।
इससे लोक के तमाम दबे रंग और पीड़ा उभरी हैं, पर एक सवाल रह जाता है कि जिस लोक की है पीड़ा है यह,
उस तक रूपम की कविता कितना पहुंचती है। यह हिंदी कविता का आम संकट
है।
///
#कवितांक #आलोचना, कवि के नोट्स (2-10)
अनुपम सिंह काल-अकाल से जूझने का जीवट ///
अपने ‘मंतव्य’ में अनुपम सिंह कहती हैं –
‘हिंदी कविता की भाषा का भंडार कहीं ठहर गया है। कविता खड़ी बोली में कही गई बात जैसी हो गई है। कई बार अख़बारों की कतरन सरीखी। कुछ कविताओं में पुरानी भाषा या तत्समता का जोर दिखाई देता है लेकिन वहाँ भी शब्द अनुभूति से रिसकर नहीं आ रहे हैं। शब्दों को जबरन बैठाया गया है। कविता के तत्त्व जैसे- कल्पना, फैंटेसी, बिंब सब धीरे-धीरे कविता से जा रहे हैं। कविता का स्रोत या तो अनुभव है या आँखों देखी। विचार के अभाव में उस सबका भी ठीक तरह से नियोजन नहीं हो पा रहा है’।
मंतव्य पढ़ते हुए पहले सोचा कि इसमें कुछ
बड़बोलापन तो नहीं। उनका पहला संकलन कवि मित्र नवीन दे गए थे, उसने कुछ अलग असर नहीं छोड़ा
था। पर जब इस कवितांक की कविताएं पढ़ीं, तो चकित हुआ कि जो
मांग अपने मंतव्य में समकालीन कवियों से वे कर रही हैं, उसे
एक हद तक पूरा भी कर रहीं। इससे उनके दूसरे संकलन को पढ़ने की ललक जगी।
‘इंतजार’ कविता में अनुपम अपनी मंतव्य वाली बात को अभिव्यक्त करती हैं -
‘नए वक़्त को सिरजने वाली भाषा
कोई तो कविता होगी
जिस तक पहुँचना होगा मेरे कवि को’।
इन कविताओं में संघर्ष का स्वप्न, जीवनानुभवों से उपजा काल-अकाल से जूझने का जीवट और भविष्य में आशा की सुबह दर्शाने वाली जीवन-दृष्टि बार-बार अभिव्यक्त हुई है -
‘पूँजी के पुतले
अमेजन के जंगलों की फफूंद,
महादेशों के बमों, लड़ाकू विमानों
मिसाइलों को ढक लेती है
लाल चीटियाँ उन्हें चालकर
मिट्टी में मिला देती हैं’
इस कविता से गुजरते #कार्ल सेंडवर्ग और #पाश की ‘घास’ कविता याद आती है और याद आता है #केदारनाथ सिंह का ‘टूटा हुआ ट्रक’ जिसे घास ढककर अदृश्य कर देती है। यहां घास का काम लाल चींटियां करती नजर आ रहीं। यहां ज्यादा जीवंत बिंब है।
अपने मंतव्य में अनुपम विचारों को महत्व देती, उनकी कमी की बात करती हैं। इन कविताओं में एक तरह की जो दृढ़ता है, वह विचारों की ताकत से आती है, जो ‘निरुपयता’ को भी आशा के स्वप्न में बदल देती है -
‘मैं उदासियों के बाड़े में
बँधी भैंस की तरह
दीवार को अपने माथे से मार-मार
थककर चूर हो गई हूँ
...
हम जब फिर से सँभलकर उठेंगे
हर दीवार को गिरा देंगे’।
हिंदी कवियों की एक बड़ी बीमारी है बड़बोलापन। कविता की दुनिया में कदम रखते ही वह महाप्राणता के महाभाव में संतरण करने लगते हैं। यहां कवि सचेत है -
‘पन्ने पर सभी रंगों का साझा है
रंगों के भीतर अवकाश है
दूसरे रंगों के लिए
डरती हूँ! कहीं अपने ही सुख का रंग
न बिखेर दूँ इस पन्ने पर’
ईश्वर को लेकर कवि के स्पष्ट विचार हैं, कि उससे कोई काम नहीं पड़ा, कभी मुलाकात नहीं हुई। इस कविता में मक्खी को लेकर कुछ सुंदर पंक्तियां हैं -
‘जब भी उदास हुई
एक मक्खी उड़ आई
देर तक मेरे सामने नृत्य करती रही
जब जाना नृत्य की लय-ताल अचम्भित हुई
मक्खी को मिला था बस एक दिन का जीवन’
इन्हें पढ़ते Leeladhar Mandloi की कविता पंक्तियां याद आईं –
‘देखो वह उड़ी और यह बैठ गई
मेरे होंठों पर
अब उसका नरम गुदाज स्पर्श है
जो जन्म के पहले दिन के
बेटी के स्पर्श की तरह जिंदा है’।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/11)
संजय कुंदन कविता की भूमिका ///
आरंभिक दिनों में जब कविता का ककहरा मैं मैथिली कवि #महाप्रकाश जी से सीख रहा था, तो जो कुछ उस समय समझा था, उसके हिसाब से कविता की एक भूमिका मां जैसी होती है। जो बातें हैं हम समय के दबाव में किसी से नहीं कह पाते, उसे कविता में कहते हैं। कविता एक मां की तरह हमारे भय, संकोच सबका वहन करती है, हमारा पोषण करती है। ताकि जब अंधेरा छंटे तो वह हमारा सामना सूरज से करा सके। संजय कुंदन की कविता ‘कविता है तो...’, कविता की इसी भूमिका की बात करती है –
‘यह मैं किसी और से भी नहीं
कह सकता था
कह सकता था सिर्फ़ कविता में’
कविता की दुनिया केवल कवियों से और कवियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानवीय अभिव्यक्ति की तलाश करते किसी भी शख्स की दुनिया है। हो सकता है उसकी अभिव्यक्ति अपूर्ण हो, हो सकता है वह खुद को संकोच में सामने न कर पा रहा हो, कविता की दुनिया के। पर उसकी एक भूमिका होती है – ‘कुछ और कवि’ कविता इसी बात को सामने रखती है –
‘वे सिद्ध कवियों की तरह कभी दावा
नहीं करते
कि दुनिया को बदल देंगे
पर वे किसी के दुख से परेशान हो जाते
चले जाते किसी घायल अजनबी को खून देने
अपने साथियों के साथ धरने पर बैठते, जेल जाते
गवाही दे आते’
वर्तमान राजनीति कैसे नागरिक और नागरिक के बीच फूट डालकर अपनी गोटियां लाल कर रही है, इसकी बनगी ‘अपना-अपना राष्ट्र’ कविता देती है, कि सत्ता की बागडोर हमेशा अपने हाथ में रखने के लिए वे राष्ट्र के भीतर कई राष्ट्र बनाते जा रहे। ऐसे में जो विडंबना राष्ट्र के नाम पर चारों ओर नजर आती है उसे कवि शब्द देता है –
‘जब मैं कुछ हत्याओं के शोक में
डूबा रहता
वे जोश में दिखते
जैसे जीत लिया हो कोई मोर्चा
वे उत्साह में बताते
ज़रूरी हैं ये हत्याएँ
वे बड़ी श्रद्धा से देखते हत्यारों की तस्वीर
जैसे वे ही हों उनके राष्ट्र-निर्माता’।
‘मैं आदमी को उसकी तोंद से पहचानता हूं’ अपनी एक कविता में कुछ ऐसा कहा था #रघुवीर सहाय ने। कुंदन की 'तोंदू लोग' वैसी ही पहचान को उजागर करती है –
‘वे अपनी तोंद कम
नहीं कर पा रहे
तो दरअसल अपनी पीड़ा से ज्यादा
अपनी खुशी व्यक्त कर रहे होते थे’।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/12)
अच्युतानंद मिश्र तकनीकी संप्रेषणीयता का दबाव ///
अच्युतानंद मिश्र की दो ही कविताएं अंक में हैं।
पर उनके मंतव्य में कुछ ऐसे बिंदु हैं जिन्हें पहली बार उठाया गया है, कविता के संदर्भ में। उनमें एक
मुद्दा है संप्रेषणीयता। यहां कवि की मुख्य चिंता है कि संप्रेषणीयता का दबाव इस
तकनीकी प्रधान युग में इतना ज्यादा बढ़ता जा रहा कि हम रचना के प्रभाव पक्ष से
किनारा करते जा रहे। यह एक गंभीर सवाल है। उदाहरण के रूप में मैं यहां कविता कोश
पर कवियों की पाठक संख्या के आंकड़े रखना चाहता हूं। जिसके हिसाब से कुमार विश्वास
और वाजपेई जैसे राजनीतिक दलों से संबद्ध रहे कवियों की पाठक संख्या सार्वकालिक तौर
पर किसी भी प्रसिद्ध कवि (कबीर तुलसी आदि तमाम कवियों से) से दो-तीन गुना ज्यादा
है, जबकि कविता की जमीनी दुनिया में 99
फ़ीसदी लोग उन्हें गंभीरता से नहीं लेते। अच्युतानंद मिश्र इसी नकली तकनीकी
संप्रेषणीयता के खतरे की ओर इशारा कर रहे, जो पहली नजर में
बेजा सा सवाल लगता है कि भला संप्रेषणीयता भी कभी संकट बन सकती है क्या... यहां
कवि मंतव्य देखें –
‘तकनीकी तार्किकता से आच्छादित समाज संप्रेषणीयता और प्रभाव के बीच अलगाव पैदा करता है। दरअसल तकनीक संप्रेषणीयता को अधिक महत्व देती है। क्योंकि संप्रेषणीयता का तर्क उपभोग के निकट जा पहुँचता है।' संप्रेषणीयता एक व्यवसायिक मूल्य में बदल जाती है। कविता का प्रभाव वस्तुतः उपभोग और व्यावसायिकता के तर्कों के विरुद्ध कार्य करता है, इसलिए तकनीकी समाज में। कविता को, कवि-कर्म को संप्रेषणीयता तक महदूद करने की को संप्रेषणीयता तक महदूद करने की प्रक्रिया पर बल रहता है’।
‘भीड़ में कहीं रहूँ गुम
और भीड़ की तरह
दिखाई दे मेरा चेहरा
करुण, हताश और उदास’ !
यह भीड़ वह नहीं है, जिसे संप्रेषण के तकनीकी टूल्स के माध्यम से भानुमति के कुनबे की तरह जुटा लिया जाता है! यह वह भीड़ है, जो इससे बाहर रहती है! जिसे अक्सर खत्म मान लिया जाता है, पर जब यह कॉकरोच जैसे संबोधन से चिढ़ जाती है तो आपको आपकी जमीन दिखला देती है।
‘नहीं दिखाई देती है असहमति’ अच्युतानंद की एक अच्छी कविता है, जो असहमति के गुप्त ठिकानों का पता देती है और असहमति की उपेक्षा या उसका दबा दिया जाना कितना विस्फोटक हो सकता है, इसे यह कविता दर्ज करती है –
‘प्रेमियों के बीच छिपी रहती है
असहमति
प्रसन्नता और सुरक्षा के बीच गहरी नींद में
लंबे समय तक
उनका अदृश्य मलबा जमा होता रहता है
बरसों तक
और एक दिन कहीं से सुलगती है
कोई चिंगारी
होता है विस्फोट’।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2-13)
एकता वर्मा स्त्री श्रम का दबा हुआ पक्ष ///
एकता वर्मा की कविताएं मेरे कवि और आलोचक दोनों
को पसंद आईं। एकता के यहां कविता की कला तो है ही, जीवन संघर्षों की लौ को इस कला से रोशन कर समय के अंधेरों
के मुकाबिल खड़े होने की ताकत भी है। ‘कथरियाँ’ कविता स्त्री श्रम के दबे हुए
पक्ष को जिस उदात्तता से सामने रखने रखती है, वह स्त्री
लेखन में कम है। एकता से पहले अनामिका के यहां स्त्री लोक के दुख-सुख अपने जमीनी
रंग के साथ इस तरह अभिव्यक्ति पाते दिखते हैं। अनामिका के यहां श्रम की चक्की में
पिसने की पीड़ा ज्यादा है तो एकता के यहां वह पीड़ा अपने समय का गान बनकर कर
उभरती है -
‘कथरियाँ
गृहस्थियों के उत्सव-गीत होती हैं।
जेठ-बैसाख के सूखे हल्के दिनों में
सालों से सँजोए गए चिथड़ों को क़रीने से सजाकर
औरतें बुनती हैं उनकी रंग-बिरंगी धुन’।
एकता के यहां कथन की जैसी स्पष्टता है और कम शब्दों में कहने की कला है, वह युवा लेखकों के लिए काम्य में हो सकती है। उनकी छोटी सी कविता ‘रामराज्य’ को देखा जा सकता है –
‘राम के वन प्रवास पर
सीता ने कहा-राम !
सीता के प्रवास पर
राम ने कहा-राज्य !
इस तरह राजा राम हुए।
इस तरह रामराज्य हुआ’।
‘वापसी’ कविता में, इस समय में आम जन-जीवन-प्रकृति की जो दुर्दशा दुनिया के विकास पुरुषों की देख-रेख में हो रही है उसके त्रासद चित्र हैं –
‘दिशाओं की आँखों में राख को भभूत
की तरह फूँक दिया गया है
हर तरफ़ श्रापित, क्षितिज तक फैली बंजर-उत्खनित जमीन’।
‘घरौंदा’ कविता से ज्यादा मुझे एक सूचना चित्र सा लगा। फिलिस्तीन का दुर्भाग्य सब जानते हैं, सभी बेबस हैं, अमेरिका-इजरायल की मिली-जुली गुंडागर्दी के सामने, पर यह बच्चे हैं, जिन्हें इन सब से अंतर नहीं पड़ रहा। अंतर नहीं पड़ रहा कि अगले क्षण कोई बम उन पर और उनके घरौंदे पर गिर जाएगा। यह अंतर नहीं पडना ही तमाम बदहाली में उन्हें बचाएगी कि अगर वह खड़े हो पाए, इस मंजर के बीच तो शायद मंजर बदल सकें।
‘प्रेम>आज..’. कविता प्रेम की खाक से उठ खड़े होने की जानी हुई जिद के बारे में है! यूं फिराक लिख गए हैं – ‘यह हुस्न ओ इश्क तो धोका है सब, मगर फिर भी...’ सो ‘फिर भी’ एकता लिखती हैं –
‘जिन्हें प्रेम के चरित्र पर
भरोसा है, वे जानते हैं
आग की चरम परिणति है- बुझी हुई, ठंडी बेदम-बंजर राख
और राख पर मनुष्य ने सभ्यताएँ खड़ी की हैं’।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/14)
राकेश रंजन कविता में तरह-तरह के प्रयोग ///
‘हम भारत के लोग, जगत्तर में अलबेले
हमें कुचलते चक्र हमीं ने आगे ठेले ...
फटे कंठ से 'जय हे, जय हे' गा
लेते हैं
झंड हुए फिर भी झंडे फहरा लेते हैं’
राकेश रंजन की कविताएं पढ़ते नागार्जुन याद आते हैं। राकेश भी बाबा की तरफ कविता में तरह-तरह के प्रयोग करते दिखते हैं। छंद में भी अच्छी कसरत कर लेते हैं वह। अपने मंतव्य में कवि छंद और छंद-मुक्त के बारे में सही कहता है कि – ‘लेकिन जिस प्रकार पहली धारणा एक रूढ़ि थी, उसी प्रकार आज की धारणा भी एक रूढ़ि ही है’।
मूल है बात, जो आप कविता के माध्यम से पाठक तक पहुंचाना चाहते हैं। 'बात बोलेगी, हम नहीं, भेद खोलेगी बात ही...' जैसा कि शमशेर ने कहा है। तो बात ही मुख्य है। छंद हो या छंद मुक्त ये केवल माध्यम हैं।
बाबा की तरह राकेश भी देश की सामाजिक-राजनीतिक स्थितियों पर नजर रखते हैं और उसकी विकृतियों से दो-दो हाथ करने में विश्वास करते हैं। हालांकि बाबा की तरह नाम लेकर चोट करने की हिम्मत आज कहां कोई करता है। वर्तमान राजनीति ने स्थितियां जैसी बना दी हैं, कोई किसका नाम ले, किस-किस का नाम ले। हालांकि छात्रों के देश भर में चल रहे आंदोलन ने फिर से राजनीतिकों को नाम से पुकारना आरंभ कर दिया है।
'मेरे लाल को हरा पसंद है' राकेश की बहुत प्यारी कविता है। जो सत्ता द्वारा कुर्सी पर काबिज रहने के लिए धर्म-नस्ल-रंग के बेजा प्रयोग की खबर लेती है –
‘मेरे लाल को हरा पसंद है
इसे मैं दुहराता हूँ उम्मीद की तरह
इस काले होते वक़्त में
रहम करो, लोगो
मत सुनो इसे मज़हब की तरह
मत देखो इसे
सियासत की तरह’
अंक में दूसरी कविता युद्ध पर है। युद्ध की त्रासदी आधुनिक ड्रोन शैली में जिस तरह दुनिया पर काबिज होती जा रही है, वह अपूर्व है। पहले युद्ध लड़े जाते थे, जीतने के लिए। अब युद्ध रोजगार हो गया है। सांसों का व्यापार, हथियार के सौदागर इस दुनिया का भविष्य तय कर रहे हैं और युद्ध अनंत की शैली अपनाने लगे हैं। यह शैली मानवता के अंत का आरंभ है –
‘दुनिया को शरणार्थी शिविर में
बदलकर
रक्तरंजित मेज़ पर
राष्ट्रों के नायक
शांति-भोज खाएँगे’।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2-15)
चंद्रभूषण मुख्यधारा होने की विडंबना ///
चंद्रभूषण की कविता ‘संपूरन चांद’ पढ़ते मैं एक नॉस्टेल्जिया में चला गया। 2000 के पहले आए मेरे कविता संग्रह में प्रकृति के रागात्मक चित्रों वाली तमाम कविताएं थीं, फिर आस-पास का विकास होता गया और निकट-दूर के खेत-खलिहान कंक्रीट के जंगल में बदलते चले गए। अब वैसी कविताएं कहां संभव हो पाती हैं। इस कविता को पढ़ते सुखद आश्चर्य हुआ –
‘शहर की अकबकाई-सी पछुआ बयार में
सारा दिन उड़ते हुए जहाँ-तहाँ टपकते हैं
विशाल सेमल वृक्ष के टहटह लाल फूल’
‘मुख्यधारा’ कविता मुख्यधारा होने की विडंबना को दर्शाती है। हम कुछ थे, कुछ हुए हैं, और जाने क्या कुछ होंगे अभी या अगली सदी तक मुख्यधारा की पवित्र गोबर की नदी में उतराते रहेंगे, पता नहीं –
‘यही है हमारी मटमैली मुख्यधारा
जिसकी कोई सहायक धारा नहीं है
जो बाढ़ के पानी की तरह बस्तियों में बहती है
और मैले के रंग में ही सारा कुछ रंग डालती है’
चतुभूषण का ‘मंतव्य’ और कविताएं पढ़ते हुए एक तरह की संपूर्णता और समकालीनता का बोध होता है। मंतव्य के पहले पारा में जिन कवियों की चर्चा की गई है, कविताओं के साथ, हमलोगों का समय उन्हें ही पढ़ते-गुनते बीता है -
‘कविताएँ बचपन से पढ़ता आ रहा हूँ और आज भी खोजकर पढ़ता हूँ लेकिन मेरा निजी पाट मुक्तिबोध की 'अँधेरे में' के साथ ही बनना शुरू हुआ। उस तरह की सघनता वाली आखिरी कविता मेरे जेहन में वीरेन डंगवाल की 'कटरी की रुकुमिनी और उसकी माता की खंडित गद्यकथा' है,। जो मैंने बीसेक साल पहले पढ़ी थी। एक अलग धरातल पर ऐसी कविताएँ ओमप्रकाश वाल्मीकि ने दीं-'तब तुम क्या करोगे', और 'ठाकुर का कुआँ'। बीच में शमशेर की 'टूटी हुई बिखरी हुई', त्रिलोचन की 'नगई महरा', मंगलेश डबराल की 'गिरना', आलोकधन्वा की 'ब्रूनों की बेटियाँ' और विष्णु खरे की 'लड़कियों के बाप' जैसी कितनी ही कविताएं हैं, जिनकी छाप मन पर एक बार पड़ गई तो पड़ गई’।
‘रिहर्सल’ और ‘याद किया’ कविताओं से गुजरते हम भी बीते दिनों में चले गए, जिनमें पढ़ाई और घुमाई के वही इक्वेशन थे जिन्होंने हमें होशियारी से दूर की राह पर धकेला। कविता में अपनी बहन को जिस तरह याद किया है कवि ने वह मर्माहत करता है। पढ़ते हुए मुझे दूसरे की वह बहन याद आती है जिसका पति अपनी पत्नी को घाठी देकर पुलिस के डर से भागा फिर रहा था और डींगें मार रहा था - दूनों हथवा पीछे करके बांध देनी आ कुंआ में धकेल देनी, बड़ा मरे-मरे करत रही, जा अब मर...।
कैसी विडंबना है कि भारतीय स्त्री, पिछड़ा या दलित विमर्श हमेशा सतह की ओर भागता है। अंतिम पंक्ति के लोगों की ओर कोई विमर्श नहीं जाता, उनके लिए बस 5 किलो चावल का विमर्श है।
‘रचना में जाना हो या मृत्यु में
उड़ना सदा अकेले ही पड़ता है’
हमेशा ऐसा ही तो नहीं होता यार, यहां एक दबी उदासी सब पर तारी
होती दिखती है। उड़ान जितनी अकेली होती है, उतनी ही सामूहिक
उड़ानें भी होती हैं। फिर मृत्यु में हम जाते हैं या वह हमारे भीतर ही दुबकी होती
है और जब चल देती है तो रुक जाता है जीवन। और क्या समूह हमें नहीं रचता, समूह का भय हो या उल्लास, वह भी तो हमें रचता है !
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2-16)
बोधिसत्व इतिहास और राजनीति के मर्म ///
बोधिसत्व के ‘मंतव्य’ की पहली पंक्ति है कि – ‘कविता की अपनी कोई निजी स्वायत्तता नहीं होती। वह अपने कवियों से अपनी पहचान अर्जित करती है’। जबकि मेरा मानना है (दावा नहीं) कि रचना अपने समय की होती है, रचनाकार माध्यम भर होता है। बोधिसत्व ने भी संभवतया ‘कमला दासी की कविताएं’ में कहीं लिखा था कि मैं तो बस ‘लिखिया’ यानि माध्यम हूं।
बोधिसत्व के हिसाब से पिछले 50 वर्षों की कविता अर्थहीन है, उसका पतन या मरण या क्षरण हुआ है। कविता की मौत का शिगूफा पहले भी दिया जाता रहा है। कभी इसके जवाब में धर्मवीर भारती ने ‘कविता की मौत’ शीर्षक कविता लिखी थी –
‘... लो तुम्हें मैं फिर नया
विश्वास देती हूँ,
नया इतिहास देती हूँ !
कौन कहता है कि कविता मर गई’?
बोधिसत्व का यह सवाल बेतुका है कि निराला-नागार्जुन जैसी कविताएं फिर नहीं लिखी गईं। क्या निराला-नागार्जुन कबीर-तुलसी की तरह लिख सके, कोई किसी की तरह नहीं लिखता, सब अपनी तरह लिखते हैं! धूमिल-पाश-अदम गोंडवी की तरह क्या कोई और लिख सका है? बोधिसत्व की ‘दारा शुकोह का पुस्तकालय और औरंगजेब के आंसू’ कविता में इतिहास और वर्तमान राजनीति के मर्म जाहिर हुए हैं पर इसमें भी वैसी कोई बात नहीं, जैसी वे पिछले 50 साल की कविता में ढूंढ रहे। कविता का एक पारा है –
‘लेकिन
औरंगजेब नहीं चाहता कि
दारा जिंदा होकर लौट आए
सबको अपने पुस्तकालय ले जाकर
सत्ता के ख़िलाफ़ सोचना सिखाए’!
क्या दारा सत्ता के खिलाफ सोचना सिखा रहा था, हद है, वह बस अकबर-जहांगीर की परंपरा में अपनी सत्ता से धर्म की सत्ता को चिढ़ा रहा था। बाकी अपनी सत्ता की राह में बाधा बने लोगों को वह भी बाकी की तरह मरवा देता था या हाथ कटवा देता था, यहां तक कि वह अपने बेटे से भी डरता था, जिसे शाहजहां उससे ज्यादा प्यार करने लगा था और सिंहासन के लायक समझता था।
अपनी एक कविता में कवि ‘समय’ और ‘कविता’ को ‘संदिग्ध’ बताता है। यूं समय संदिग्ध होगा तो कविता भी संदिग्ध होगी ही, वह समय को ही अभिव्यक्त करेगी। बोधिसत्व की ‘एक दिन’ कविता के बनावटीपन को देख माथा पीट लेने का मन किया। कविता का पहला पारा देखें –
‘एक दिन दुनिया के सारे पुल
घुटनों के बल गिर जाएँगे
सारी नदियाँ उन पुलों की क़ैद से छूटकर
अपने घरों को लौट जाएँगी’।
कहा जाता है कि जहां न जाए रवि वहां जाए कवि, पर हमारा कवि तो पता नहीं कहां
जाना चाहता है – कविवर यह पुल का ‘घुटना’ क्या होता है, फिर
पुल नदी को ‘कैद’ कैसे करते हैं। कैद तो बांध करते हैं नदी को। पुल तो केवल उन्हें
पार करने का मानवीय उपक्रम है। फिर नदी का ‘घर’ कहां होता है भाई, जहां उसे लौटाना चाहते हैं, क्या गंगा को कैलाश
लौटाना चाहता है कवि। इसी तरह कवि ‘आकाश’ को ‘महुआ’ की तरह चुआ रहा है, यह तो अनामिका जी के ‘रोटी नहीं, पृथ्वी बेलती हूं’
से भी आगे की छलांग है। गंगा का ‘तरल जल’ क्या होता है तब तो सूखा जल भी होता
होगा। जल नदी या पत्थरों से ‘निर्लिप्त’ कैसे रहता है, मृतकों
की ‘आकांक्षा’ क्या बला है...।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/17)
केशव तिवारी कविता की विश्वसनीय शैली ///
‘मैं एक लंबी नींद
सोना चाहता हूँ’
केशव तिवारी की ‘बस इतना ही’ शीर्षक कविता पढ़ते हुए उसकी अंतिम पंक्तियों से गुजरते चौंका और पन्ना पलट कर उनकी जन्मतिथि देखी तो आस्वस्त हुआ कि मुझसे 3 साल बड़े हैं वे। मैंने हाल ही एक कविता लिखी है - ‘मृत्यु की कामना’, युवा कवि कृष्ण समिद्ध के संग्रह ‘विष-गुलाब’ की पांडुलिपि पढ़ते यह कविता उभरी थी। कृष्ण के यहां भी मृत्यु की छाया है कई जगह, मृत्यु पर कम ही लिखते हैं लोग, जो सहज भी है। यूं अरुण देव ने तो पूरा प्रबंध-काव्य ही लिख डाला है, जिसे पढ़कर आदमी कई बार ठमकता है, सोचता-विचारता है। हाल में नेपाल में ग्लेशियर टूटने के बाद एक जगह मृतकों के कान के गहने निकालते लोगों को देख सोचने पर विवश हो गया। रघुवीर सहाय याद आते हैं –
‘कभी किसी को मौत की ख़बर सुनकर
मुस्कुरा उठते हुए
अनजाने में देखा होगा
वह एक तरह की अनायास ख़ुशी होती है
मौत का डर अपने से दूर चले जाने की राहत की
और फिर ध्यान उसी वक़्त कभी-कभी ऐसे बँट जाता है
कि हम
मरने वाले की तक़लीफ़ कभी
जान सकने के लायक़ नहीं रह जाते’
'बस इतना ही' कविता पढ़ते देवी प्रसाद मिश्र की एक कविता याद आई, जिसमें वह वायु देवता से कहते हैं कि आप चलें तो हवा बहे, या कुछ ऐसा ही। यों दोनों की कविता में देवों से मांग अलग धरातल पर है पर दोनों दिखाती हैं कि लोग देवों से कैसे आबद्ध हैं कि देवता पहले से दाता नहीं रहे, एक उलझन बन गए हैं आदमी के लिए।
अपने 'मंतव्य' में केशव सही कहते हैं वर्ग-शत्रु के बारे में कि अब हमारा शत्रु हमारे साथ और बहुत बार हमारे भीतर हमारे ढुलमुलपन में रहता है और शायद यह मानव मस्तिष्क और हृदय के द्वंद्व का नतीजा है कि वह हमेशा एक शत्रु को लिए नहीं चल सकता, आदेश से भी नहीं, जैसा कि ब्रेख्त एक कविता में टैंक लिए जनरल को संबोधित करते हैं।
केशव की कविता 'यह घटित हो रहा है मेरे सामने' गांव-कस्बे में लोगों, स्त्रियों में आ रहे बदलाव व उनके सचेत होते जाने की तस्दीक करती है –
‘दबा आई मनपसंद
निसान पर बटन
और टापते रह गए सब
चिह्न पहचान करवाने वाले’
केशव जीवन को उसके घटित होने के चित्रों के माध्यम से दिखलाते हैं। यह ज्यादा विश्वसनीय शैली है, कविता की। लोग खुद को ऐसी कविताओं से सहज ही जोड़ सकते हैं। यह जीवन के वैविध्य को भी दर्शाती है -
‘जब किसी के न रहने पर
फूट-फूटकर रोते हैं गहरू
और
सबके साथ बैठकर
सिर मुड़वाते हैं’।
( मुकुल जी, फेसबुक पर कमेंट नहीं कर रहा हूं। लेकिन केशव तिवारी में आधुनिक संवेदना
से परहेज़ है। वो स्त्रियों को सधवा-विधवा के परिचय मे रिड्यूस करते हैं।
वो मंदिर जैसे पब्लिक स्फीयर पर सकारात्मक कविता
लिखते हैं लेकिन आधुनिक बहस के केंद्र बने काफी हाउस को खारिज करते हैं प्रतिगामी
मानते हैं - नवीन कुमार )
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/18)
सुलोचना वर्मा स्त्री विमर्श से आगे मनुष्यता विमर्श ///
‘ग्रीटिंग्स कार्ड पर लिखा होता
है "क्यूँकि वह एक माँ है, बहन है, बेटी है, स्त्री है"
वह कुछ भी होने से पहले मनुष्य है, यह सामान्य ज्ञान की किताब नहीं
बताती ।
...
एक सहस्त्राब्दी बीत जाने के बाद भी स्त्री-दिवस
का मतलब और कुछ भी नहीं
है बस गुलाब का फूल, चॉकलेट, उपहार और पचास प्रतिशत वाला महासेल’!
‘स्त्री-दिवस’ कविता में सुलोचना वर्मा स्त्री-विमर्श से आगे मनुष्यता के विमर्श की बात करती हैं। यूं कोई भी विमर्श आज कितना कठिन हो गया है इसे समझता है कवि और इसके कारक को अपने ‘मंतव्य’ में चिन्हित भी करता है –
‘यूँ तो नस्ली राष्ट्रवाद या धार्मिक भेदभाव पूरे देश में कमोबेश हावी है पर हिंदी पट्टी कुछ ज़्यादा ही सांप्रदायिकताग्रस्त अंचल दिखाई देता है’।
सविता सिंह के पहले कविता संग्रह ‘अपने जैसा जीवन’ में जिस ऊंचे ललाट वाली स्त्री की तलाश दिखती है, वह सुलोचना के यहां अपना सर उठाए मौजूद है। सविता सिंह की पंक्तियां हैं -
'दूर तक सदियों से चली आ रही
परंपरा
में वह ऊँचे ललाटवाली विदुषी नहीं
जो पैदा करे स्पर्धा’ (परंपरा में)
ऋग्वेद में एक पंक्ति है-
‘ममपुत्राः शत्रु हरोऽथो मे दुहिता विराट्’ !
मतलब मेरे पुत्र ने शत्रु को पराजित करने वाले हों और मेरी पुत्री विराट है। जिस सूक्त की यह पंक्ति है, उसकी रचनाकार एक स्त्री ऋषि शची पौलमी हैं। ऋग्वेद में शची पौलमी के अलावा यमी, उर्वशी, इंद्राणी आदि दर्जनों स्त्री ऋषि हैं, जिन्होंने सूक्त (श्लोक) रचे हैं। पुरुष ऋषियों के मुकाबले इनके सूक्तों में इनका आत्मविश्वास ज्यादा प्रकट हुआ है। उपर्युक्त ऋचा का आरंभ करती शची पहले कहती हैं कि सूर्य के उदय के साथ मेरा भाग्योदय होता है।
‘सोअहम्’ कविता में कवि स्त्री की उस महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करती है जिससे कविता है, हरियाली है और जीवन है –
‘दूब दरअसल अरण्य के समस्त सबुज
के एक ही जानेवाली
एक हजार कविताओं की वयःसंधि है
वह कुछ नहीं कहती, पर अगोरकर रखती है हर बार
किसी विध्वस्त शहर के मानचित्र पर तनिक सबुज
सँभालकर रखती है अपना हरित रक्त और हरित आलोक
...
वह कविता कौन है?
वह कविता मैं हूं’।
फिलिस्तीन हो या हसदेव जीवन को ढकता उजाड़
मनुष्य को अंधा-गूंगा बनाता जा रहा। कवि क्या करे इस उजाड़ में, जब उसके शब्द ही उसका साथ छोड़
रहे हों। ऐसे में वह लोगों को नींद से जगाता बता रहा कि देखो सब तुम्हारी
प्रतीक्षा कर रहे, फिलिस्तीन के बच्चे तुम्हारी प्रतीक्षा कर
रहे, काटने जा रहे पेड़ तुम्हारी प्रतीक्षा कर रहे।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/19)
सत्यपाल सहगल भीतर-बाहर के अंतर्द्वंद्व ///
‘दरवाजे के बाहर ही खड़ी होती है’ सत्यपाल सहगल की बहुत प्यारी कविता है, जो एक तरह से ‘कविता क्या है’ जैसे सवाल का रचनात्मक और कवित्वपूर्ण तरीके से मुकम्मल जवाब देती है। कविता के अवतरण और रचना-प्रक्रिया को यह सहज ही दिखला देती है –
‘इधर देखिए न जाने कितनी
पंक्तियाँ
घर की बेतरतीबी में से झाँक रही हैं
उसके गर्द-ओ-गुबार
और रसोई की महक में
ऊपर जाती सीढ़ी के तीसरे पायदान पर
अटकी धूप में
यही है कविता
जिसके बारे में इतना शोर मचा रहता है’
सत्यपाल सहगल की दूसरी कविता में एक मुठभेड़ का चित्रण है। मुठभेड़ पर ऐसी कविता पहली बार पढ़ी मैंने। मुठभेड़ हमेशा एक विडंबना को जाहिर करती है। कोई जीते या कोई हारे, परिणाम में किसी की मां, बहनें हाय-हाय करती हैं –
‘अभी प्रतीक्षा की जा सकती है
आएगी माँ अपनी लाठी टेकती
बहन अपनी हाय छिपाती
ख़ौफ़ के इस जंगल में टूटे पत्ते
गिरते और उड़ते रहेंगे’
तीसरी कविता ‘आकाश के जाल में’ पढ़ते ऋग्वेद के नासदीय सूक्त की याद आई, जैसे -उसके बाद की कविता हो यह। सत्यपाल कुछ बांग्ला कवियों की तरह मोहित करते हैं, हालांकि बंगाल के विशद भाव-पक्ष के मुकाबले यहां विचार-पक्ष कुछ प्रबल दिखता है।
सत्यपाल सहगल की चौथी कविता ‘दूर कहीं शोर है’ भी लाजवाब है। इसमें एक पुल के होने और पुल पर होने को चित्रित किया गया है। यह कविताएं आपको अपने साथ ले लेती हैं, उनके भीतर चलते आप खुद को खो सकते हैं –
‘पुल पर हूँ
आर या पार जाने की जल्दी में नहीं हूँ
नदी में तैरती हैं डालियाँ
झाँकती है घास
झाँकती रोशनी है चोर पैरों से
घरों की छायाएँ
थके मुसाफ़िरों की तरह नदी में बैठी हैं’
‘अंधकार गिरता है बाहर’ कविता
आदमी के भीतर-बाहर के अंतर्द्वंद्व को अभिव्यक्त करती है। ‘मुझे ले लो दोने की
तरह’ एक अनोखी प्रेम कविता है।
सत्यपाल जी को पढ़ा नहीं था। अब वह मेरे प्रिय कवियों से मुठभेड़ करते दिख रहे। उन्हें और पढ़ना होगा, खोज कर। हां, इन कविताओं के शीर्षकों को देख लगा कि वे और बेहतर हो सकते थे।
अपने ‘मंतव्य’ में सत्यपाल सहगल आलोचना के बारे
में उचित ही कहते हैं - कि ‘कवि आलोचना-संस्थान की ओर जाता है, जबकि इसका उलट होना चाहिए।
काव्यालोचना रूढ़िग्रस्त है और कुछ इने-गिने नामों के इर्द-गिर्द घूमती रहती है’।
///
#कवितांक #आलोचना, एक कवि के नोट्स (2/20)
कुमार अंबुज तंत्र की विफलता की शिनाख्त ///
इस अंक में सर्वाधिक कविताएं कुमार अंबुज की हैं और अधिकांश में वर्तमान सत्ता द्वारा लोक की पहचान को निश्चिन्ह करने की उसकी छुपी और प्रकट मनसा को दर्शाया गया है और उस पर सवाल खड़े किए गए हैं –
‘अपनी छूटी हुई जगहों की आस में
भटकते रहते हैं लोग
शहर-दर-शहर हर तरफ़ से उठती हैं एक-सी आवाज़ें-
यहाँ से जाओ यह जगह तुम्हारी नहीं
तुम यहाँ नहीं रह सकते
यहाँ नहीं है तुम्हारे लिए सूई की
नोक के बराबर भी कोई जगह’
पिछले एक दशक में इस जनतंत्र का जन लगातार दर-बदर किया जाता रहा है और वहां महाभारतीय शैली में उसके लिए ‘नहीं है सूई की नोक के बराबर भी कोई जगह’। देखा जाए तो यह भारतीय समाज का संकट है, जो अक्सर महाभारतीय स्वरूप अपनाता हुआ भाई को भाई के खिलाफ, नागरिक को नागरिक के खिलाफ खड़ा करने की शकुनी शैली अपनाता है और उसे चाणक्य नीति जैसा कोई विशेषण देकर फूले नहीं समाता। इस क्रूरता पर कभी लिखा था मैंने –
‘उन्होंने पढ़ रखी है गीता
वे मार सकते हैं स्वजनों को’।
कुमार अंबुज की यह कविताएं रघुवीर सहाय की परंपरा की कविताएं हैं जो इस जनतंत्र में जन पर हावी हो चुके तंत्र की विफलता की शिनाख्त करती उसके तमाम पेचो-खम को जाहिर करती हैं -
‘अन्याय
बिना तारीख लगाये होता है
न्याय के लिए लगाई जाती है तारीख
तब पता चलता है
वह तारीख दरअसल
बचे-खुचे अन्याय के लिए लगाई गई थी’।
इन कविताओं में कवि बिना तीखा हुए जिस तरह सत्ता की कारगुजारियों को चिन्हित करता हुआ उसे कटघरे में खड़ा करता है, वह आज कुमार अंबुज की पहचान है। अंबुज की चार पंक्तियों की कविता ‘पराकाष्ठा’ पढ़ते हुए दिनकर के ‘कुरुक्षेत्र’ की आरंभिक पंक्तियां याद आती हैं –
‘वह कौन रोता है वहाँ-
इतिहास के अध्याय पर,
जिसमें लिखा है, नौजवानों के लहु का मोल है
प्रत्यय किसी बूढे, कुटिल नीतिज्ञ के व्याहार का;
जिसका हृदय उतना मलिन जितना कि शीर्ष वलक्ष है;
जो आप तो लड़ता नहीं,
कटवा किशोरों को मगर,
आश्वस्त होकर सोचता,
शोणित बहा, लेकिन, गयी बच लाज सारे देश की?
यूं वहां विनाशकारी विजय पर सत्ता खुद को प्रश्नांकित
तो करती है, पर आज सत्ता क्या खुद को प्रश्नांकित करेगी, उल्टा
उस पर सवाल उठाने वाले के लिए ही कहीं कोई जगह नहीं छोड़ती, और
कहने को ऐतिहासिक जनतंत्र है यह।
